करैरा में पहाड़ी पूरी तरह खोद डाली:27 करोड़ का नुकसान, बावजूद कार्रवाई लंबित; अब अवैध प्लॉटिंग की तैयारी, कलेक्टर से शिकायत

शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में फोरलेन सड़क से सटी चंगेज पहाड़ी को अवैध रूप से पूरी तरह खोद दिया गया है। माफिया अब पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर निकालने के बाद जमीन को समतल कर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी कर रहे हैं। इस मामले की शिकायत करैरा के पूर्व पार्षद दिलीप सिंह यादव ने शिवपुरी कलेक्टर से की है। यह मामला करैरा तहसील के सर्वे नंबर 1896 और 1898 से संबंधित है, जिसका रकबा 2.843 हेक्टेयर है। आरोप है कि करैरा निवासी भावेश, विनय और राजेश गोयल (पिता मनीराम गोयल) ने बिना किसी अनुमति के बड़े पैमाने पर पहाड़ी का उत्खनन किया है। पहाड़ी पर स्थित सिद्धबाबा की छोटी मड़िया मंदिर भी खतरे में है। लगातार ब्लास्टिंग और भारी मशीनों के इस्तेमाल से आसपास के मकानों में दरारें आने और किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। जांच में अवैध उत्खनन की पुष्टि हो चुकी
शिकायतकर्ता दिलीप सिंह यादव ने बताया कि पूर्व में जनसुनवाई, 181 सीएम हेल्पलाइन और राजस्व व खनिज विभाग को शिकायतें दी गई थीं। इन शिकायतों के बाद विभागीय टीम ने मौके पर जांच की थी। संयुक्त जांच में अवैध उत्खनन की पुष्टि हुई, जिससे शासन को करीब 27 करोड़ 29 लाख रुपए से अधिक की वित्तीय क्षति का आकलन किया गया। इस आधार पर खनिज विभाग ने केस दर्ज किया, लेकिन कलेक्टर स्तर से अंतिम आदेश अभी तक लंबित है। आरोप- दबाव में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी
आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण प्रशासनिक कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई। इसका फायदा उठाकर माफिया लगातार पहाड़ी को समतल करने में जुटे रहे। अब जब पहाड़ी लगभग पूरी तरह खत्म हो चुकी है, तो अवैध प्लॉटिंग की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। क्षेत्रवासियों और शिकायतकर्ता ने मांग की कि इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने अवैध उत्खनन में लगी मशीनों को जब्त करने, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और शासन को हुई करोड़ों रुपए की क्षति की वसूली सुनिश्चित करने की अपील की। कार्रवाई न होने की स्थिति में मामले को कोर्ट ले जाने की चेतावनी भी दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *