मंडी पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में कुल 50 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 76.96 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पहला मामला सुंदरनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलसू अंडरपास के पास सामने आया। गश्त और नाकाबंदी के दौरान, पुलिस टीम ने स्कूटी नंबर HP24B-8415 पर सवार सलीम (निवासी जालंधर, पंजाब) और प्रवीण कुमार (निवासी बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश) को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 50 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 95,500 रुपए नकद बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ सुंदरनगर पुलिस थाने में NDPS एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है और आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है। मकान से अफीम डोडा बरामद दूसरा मामला औट पुलिस थाना क्षेत्र का है। यहां गश्त और नाकाबंदी के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर किशन (निवासी नंगवाई, तहसील औट, जिला मंडी) के मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके घर से 76.96 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद हुआ। आरोपी किशन के विरुद्ध औट पुलिस थाने में NDPS एक्ट की धारा 18 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। उसे गिरफ्तार कर आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में भी आगामी जांच जारी है। मंडी की पुलिस अधीक्षक (एसपी) साक्षी वर्मा ने इन मामलों की पुष्टि की है।


