जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान शीत लहर में कुछ कमी आई है। जिसके चलते दिन का तापमान 23 डिग्री से बढ़कर 24.5 डिग्री पर पहुंच गया है। जबकि रात का तापमान अब भी 5-6 डिग्री के बीच चल रहा है। शनिवार को रात का तापमान 5.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। पिछले एक सप्ताह से दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की आ रही थी। शनिवार से मौसम में कुछ बदलाव आया है। सर्द हवाएं थमने से शनिवार को दिन का तापमान 1.5 डिग्री बढ़ गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री रिकार्ड किया गया था, जो शनिवार को बढ़कर 24.5 डिग्री पर पहुंच गया। रात का तापमान भी 0.5 डिग्री बढ़ गया है। ठंड को देखते हुए शहर के लोगों ने नगर पालिका से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की मांग की है। समाजसेवी धनीराम सोनी ने बताया कि सर्दियों का मौसम शुरू होते ही नगर पालिका की ओर से हर साल जिला अस्पताल, बस स्टैंड, रेन बसेरा सहित प्रमुख चौराहों पर अलाव के लिए लकड़ी उपलब्ध कराई जाती थी, लेकिन इस बार अब तक नगर पालिका की ओर से व्यवस्था नहीं की गई है। जिसके चलते शाम होते ही जिला अस्पताल और बस स्टैंड में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। 5-6 डिग्री पर अटका रात का पारा शनिवार को दिन का तापमान 24.5 और रात का पारा 5.5 डिग्री रहा। इसके पहले सोमवार को दिन का तापमान 26 डिग्री और रात का पारा 8.8 डिग्री रहा। मंगलवार को दिन का तापमान 23 और रात का तापमान 6.4 डिग्री रहा। बुधवार को दिन का पारा 24.4 और रात का तापमान 6.3 डिग्री रहा। गुरुवार को दिन का तापमान 23.8 और रात का पारा 5.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को दिन का पारा 23.1 और रात का तापमान 5 डिग्री रिकार्ड किया गया था।


