लुधियाना में शराब तस्करी का भंडाफोड़, तस्कर गिरफ्तार:50 पेटी बरामद, चंडीगढ़ से सस्ती खरीदकर लाता था यहां महंगे रेट पर बेचता था

लुधियाना के जगराओं पुलिस ने चंडीगढ़ से सस्ती शराब लाकर स्थानीय इलाकों में अवैध रूप से सप्लाई करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसकी स्विफ्ट कार सहित दबोचा और उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की 50 पेटियां शराब बरामद कीं। इस संबंध में थाना सिटी जगराओं में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गगना (निवासी कोठे राहला) लंबे समय से शराब तस्करी के धंधे में लिप्त है। वह चंडीगढ़ से कम दामों पर शराब लाकर जगराओं और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने कोठे खजूरा रोड पर नाकाबंदी की और लुधियाना की ओर से आ रही स्विफ्ट कार को रोककर जब तलाशी ली, तो उसमें से 50 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। जमानत पर आते ही फिर शुरू की तस्करी: जांच अधिकारी के अनुसार, आरोपी गगनदीप सिंह एक अभ्यस्त अपराधी है और उस पर पहले भी नशा व शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। वह कुछ समय पूर्व ही जमानत पर जेल से बाहर आया था, लेकिन बाहर आते ही उसने फिर से तस्करी शुरू कर दी। पुलिस ने खुलासा किया कि वह खेतीबाड़ी और रेत-बजरी के कारोबार की आड़ में शराब की सप्लाई करता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि उसके पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *