विधायक जयवर्धन सिंह ने की गोवर्धन परिक्रमा:बेटे सहस्त्रजय के साथ पेंढ भरी; पत्नी, बेटे सहित नंगे पैर चले

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह गोवर्धन परिक्रमा करने पहुंचे हैं। शनिवार को उन्होंने मथुरा पहुंचकर पेंढ भरकर गोवर्धन परिक्रमा शुरू की। उनके साथ बेटे सहस्त्रजय सिंह भी पेंढ भरकर चले। पत्नी सृजम्या सिंह भी परिक्रमा में साथ चलीं। राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह काफी दिनों से इसकी तैयारी कर रहे थे। शनिवार सुबह वे परिवार और समर्थकों के साथ मथुरा पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले पूर्णिमा के अवसर पर सपरिवार दानघाटी में गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद गिरिराज जी की परिक्रमा शुरू की। उन्होंने पेंढ भरकर (जमीन पर लेटकर) परिक्रमा शुरू की। उनके साथ उनके बेटे सहस्त्रजय सिंह भी पेंढ भरकर चले। इसके बाद पूरे परिवार ने नंगे पैर गोवर्धन परिक्रमा की। यात्रा शुरू करने पर जयवर्धन सिंह ने लिखा- “आज पूर्णिमा के पावन अवसर पर सह परिवार दानघाटी में गिरिराज जी महाराज की पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। पूजा के बाद गिरिराज जी की पवित्र परिक्रमा प्रारंभ की, जो एक अद्भुत और आध्यात्मिक अनुभव है। प्रभु की कृपा से मन को शांति और आनंद की अनुभूति हुई। गिरिराज जी से यही प्रार्थना है कि उनकी कृपा हम सब पर सदैव बनी रहे। जय गिरिराज जी महाराज!” राजनीति में आने से पहले की थी यात्रा उनके पिता दिग्विजय सिंह भले ही दिल्ली और भोपाल में सत्ता के गलियारों में बने रहे हों, लेकिन जयवर्धन सिंह को उन्होंने दिल्ली और भोपाल की चमक-दमक से दूर रखने की हर संभव कोशिश की। वह नहीं चाहते थे कि जयवर्धन राजनीति में आएं। इस बात का खुलासा कई मौकों पर खुद दिग्विजय सिंह भी कर चुके हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि एक दिन जयवर्धन सिंह उनके पास आए और कहा कि उन्हें भी राजनीति में आना है, मैंने पहले तो इनकार किया। इसके बाद वह अपनी मां के पास पहुंचे और उनसे भी यही इच्छा जताई। उनकी मां ने कहा- वह जब आना चाहता है तो आने दीजिए। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा- ठीक है। अगर इसे राजनीति में आना है तो पहले सात दिन पदयात्रा करे। इस दौरान गांव में ही रहे। लोगों के बीच ही दिन और रात गुजारे, उसके बाद देखेंगे। पिता से अनुमति मिलने के बाद जयवर्धन सिंह ने राघौगढ़ विधानसभा में पदयात्रा की थी। इसके बाद वह 2013 का विधानसभा चुनाव लड़े और जीते। बागेश्वर धाम की हिन्दू एकता यात्रा में हुए थे शामिल पिछले महीने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने हिंदू एकता पदयात्रा निकाली थी। यह यात्रा नौ दिन तक चली थी और ओरछा में रामराजा मंदिर में जाकर यात्रा का समापन हुआ था। इस यात्रा में भाजपा सहित फिल्म जगत और शादी संत शामिल हुए थे। यात्रा की शुरुआत में कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह भी शामिल हुए थे। उन्होंने बागेश्वर धाम पहुंचकर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री से मुलाकात की और यात्रा में शामिल हुए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *