पंजाब के लुधियाना में आज सेहत विभाग ने कई मेडिकल स्टोरों पर रेड की। सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन के निर्देशों पर यह चैकिंग की गई है। दरअसल, विभिन्न क्षेत्रों में एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) किटों की बिक्री और खरीद की जांच के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया है। यह निरीक्षण कार्रवाई जोनल लाइसेंसिंग अथॉरिटी (ZLA) लुधियाना दिनेश गुप्ता की देखरेख में की गई। इस दौरान दो निरीक्षण टीमें—ड्रग कंट्रोल ऑफिसर (DCO) लुधियाना-2 रूपिंदर कौर एवं ड्रग कंट्रोल ऑफिसर (DCO) लुधियाना-3 नवदीप संधू ने विभिन्न मेडिकल स्टोरों एवं दवा फर्मों की जांच की। 5 मेडिकल फर्मों की हुई जांच चैकिंग अभियान के दौरान कुल पांच फर्मों की जांच की गई, जिनमें से तीन फर्में बिना वैध खरीद बिल के तथा बिना बिक्री बिल जारी किए एमटीपी किटों का भंडारण एवं बिक्री करती पाई गईं। यह कृत्य ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट तथा संबंधित नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। दोषी पाई गई फर्मों को शो-कॉज नोटिस जारी दोषी पाई गई फर्मों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किए जाएंगे। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि इस प्रकार की संवेदनशील दवाओं की अवैध बिक्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा जनहित में ऐसे निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे। सभी केमिस्टों एवं दवा विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि दवाओं की खरीद-फरोख्त केवल निर्धारित नियमों एवं कानूनों के अनुसार ही की जाए। सेहत विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।


