बैतूल के प्रभारी मंत्री और चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल गुरुवार शाम अचानक बडोरा मंडी पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और मंडी प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी हुई तो जिम्मेदार पर तत्काल कार्रवाई होगी। एक किसान की शिकायत के बाद उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो किसान को परेशान करेगा उसका धंधा बंद करवा दूंगा। निरीक्षण के दौरान मंत्री किसानों से सीधे मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। एक किसान ने शिकायत की कि मंडी में उपज की तुलाई क्रम से नहीं हो रही है, जिस पर मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने मंडी सचिव को निर्देश दिए कि उपज की तुलाई और नीलामी क्रमवार और पारदर्शी तरीके से हो। उन्होंने मौके पर ही मंडी निरीक्षक को सस्पेंड करने की चेतावनी दी। कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
मंत्री ने मंडी शेड में रखे व्यापारियों के माल के उठाव ने होने पर निर्देश दिए कि जिन व्यापारियों पर जुर्माना लगाया गया है, उनसे रकम दो दिन में वसूल की जाए, अन्यथा उनके लाइसेंस निलंबित कर माल जब्त किया जाए। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों की उपज का उसी दिन उठाव हो और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


