छतरपुर| थाना क्षेत्र की पुलिस ने शुक्रवार को अनुसंधान के दौरान दो बाइक चोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस बाबत थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार चोर की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के डाली गांव निवासी वकील अंसारी पिता गुलाम रसूल और चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा गांव निवासी गोल्डन अंसारी पिता हजरत मियां के रूप में हुई है। गिरफ्तार चोरों के पास से एक चोरी की गई बाइक जेएच03एबी 8538 जब्त की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि थाना क्षेत्र के खोड़ी गांव निवासी जगदीश यादव बीते बुधवार को अपनी बाइक जेएच03एबी 8538 से खेत में पटवन करने गए थे। वहीं से उनकी बाइक चोरी हो गई थी। इस बाबत उन्होंने छतरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए बाइक को बरामद करते हुए दो चोरों को जेल भेजा गया।


