सीधी जिले के संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में गुरुवार को एक युवक जंगली हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना जनपद पंचायत कुशमी के ग्राम कुंदौर में हुई, जहां युवक लकड़ी बीनने गया था। उसे जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया है। ग्राम कुंदौर निवासी 27 वर्षीय शिवपूजन सिंह पुत्र गणेश सिंह दोपहर करीब 2 बजे संजय टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र पोंडी के कोर एरिया में सूखी लकड़ी बीनने गए थे। दिठोर नाला के पास उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन असंतुलित होकर गिर पड़े। हाथी ने उनकी कमर, कूल्हे और पैर को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल शिवपूजन सिंह किसी तरह पास के वाच टावर तक पहुंचे और मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर संजय टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को सूचित किया। वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल युवक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि वन विभाग ने निजी खर्च पर इलाज कराने और युवक के स्वस्थ होने के बाद बिल-बाउचर जमा करने पर उपचार खर्च का भुगतान करने का आश्वासन दिया है। क्षेत्र में पिछले चार महीनों से एक जंगली हाथी के अकेले विचरण की जानकारी भी सामने आई है। बताया गया कि पहले दो हाथी शहडोल सीमा से इस क्षेत्र में आए थे। उनमें से एक को ट्रेंकुलाइज कर बांधवगढ़ भेजा जा चुका है, जबकि दूसरा हाथी अभी भी संजय टाइगर रिजर्व में घूम रहा है। हाथी को जंगल में खदेड़ा इस पूरे मामले में एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है, घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया है।


