रीवा के स्कूल में बच्चे से अभद्रता पर हंगामा:जिला शिक्षा अधिकारी ने बैठाई जांच, विद्यार्थी परिषद् ने किया विरोध प्रदर्शन

रीवा के बोदाबाग स्थित ज्योति किण्डर स्कूल में 5 वर्षीय एलकेजी के छात्र के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत परिजनों ने जिला शिक्षा अधिकारी से की है। आरोप है कि खराब स्वास्थ्य की वजह से टॉयलेट हो जाने पर अभद्रता करते हुए विद्यालय के शिक्षकों द्वारा बच्चे को जमकर डांट फटकार लगाई गई। जिसकी वजह से उसे अन्य बच्चों के सामने शर्मिंदा होना पड़ा। मंगलवार को इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और कार्यवाही की मांग की। आरोप है कि क्लास ले रही टीचर ने बच्चे को गलत तरीके से डांटना शुरू कर दिया। जिसके बाद बच्चे को खींचते हुए अपने साथ वाशरूम ले गई। जहां आया और टीचर ने बच्चे के साथ धक्का मुक्की करते हुए उसके कपड़े उतरवाए। 5 साल के बच्चे से टॉयलेट साफ करने के लिए कहा गया। पूरे मामले में स्कूल के प्राचार्य सदरानील ने कहा कि मामले में बड़ी गलती और लापरवाही आया की तरफ से की गई है। इसलिए उसे छुट्टी पर भेज दिया गया है। इस गलती के बाद उसे स्कूल ना आने के निर्देश दे दिए गए हैं। हम अपनी स्कूल में हमेशा बच्चों का बेहतर ख्याल रखना चाहते हैं। पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन भी गंभीरता से जांच करेगा। विद्यार्थी परिषद् की तरफ से जिला संयोजक पीएन पांडेय ने कहा कि 5 साल के बच्चे के लिए कितना अधिक मानसिक प्रताड़ित करने वाला पल रहा होगा। इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि दुर्व्यवहार के बाद गीले जूते बच्चे को पहनाकर एक पतले कपड़े से लपेट दिया। जिसके कारण बच्चा ठंड में परेशान होता रहा। बच्चे के कपड़े और बैग को उठाकर गलियारे में फेंक दिया गया। बच्चे के घर पहुंचने के बाद जब परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर कार्यवाही की मांग की। इसलिए आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्कूल पहुंचकर विरोध जताया है। पूरे मामले में डीईओ सुदामा लाल गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के निर्देश दिए हैं। आगे आने वाले जांच के तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। मेरी तरफ से दो प्राचार्यों की टीम जांच के लिए गठित की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *