विदिशा के सिरोंज में सावित्रीबाई फुले जयंती कार्यक्रम के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में सनातन संघ के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। यह विवाद भीम आर्मी कार्यकर्ता शुभम बौद्ध द्वारा की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। संघ पदाधिकारियों का आरोप है कि सार्वजनिक मंच से भगवान राम को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी से सनातन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। सनातन संघ के प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) शिक्षित शर्मा को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 299 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। गौरतलब है कि इस मामले को लेकर पहले भी विभिन्न संगठनों और नागरिकों द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। सनातन संघ ने ऐसी टिप्पणियों को सामाजिक सौहार्द के लिए हानिकारक बताया है।


