फांसी की सजा: पांच आरोपियों को सेंट्रल जेल भेजेंगे

भास्कर फॉलोअप कोरबा| रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस में फंासी की सजा पाने वाले सतरेंगा के 5 आरोपी व आजीवन कारावास पाने वाले 1 आरोपी की बुधवार को जिला जेल से सेंट्रल जेल बिलासपुर शिफ्टिंग होगी। 4 साल पहले हुए पहाड़ी कोरवा ग्रामीण समेत उसकी नातिन व 16 वर्षीय बेटी की हत्या व मृत्यु से पहले किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सोमवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट (पॉक्सो) ने सजा सुनाई थी। जिसमें षडयंत्रपूर्वक वारदात को अंजाम देने वाले सतरेंगा निवासी 5 आरोपी संतराम मंझवार (45), अनिल कुमार सारथी (20), आनंद दास (22), परदेशी दास (35) व अब्दुल जब्बार (21) को मृत्युदंड व दुष्कर्म में शामिल नहीं रहने पर एक आरोपी उमाशंकर यादव (22) को आजीवन कारावास की सजा दी गई। सजा के आदेश के बाद रात 8 बजे सभी आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में वापस जिला जेल दाखिल किया गया। मंगलवार भी आरोपियों की जेल में कटी। फांसी व आजीवन कारावास की सजा होने पर सजायाफ्ता बंदी होने पर उन्हें शिफ्ट किए जाने की तैयारी चल रही है। बुधवार को उनकी शिफ्टिंग सेंट्रल जेल बिलासपुर की जाएगी। उक्त नृशंस वारदात की विवेचना तत्कालिन सीएसपी कोरबा योगेश साहू ने की थी। वहीं फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस में शासकीय अभिभाषक सुनील कुमार मिश्रा ने मजबूती के साथ पैरवी की। जिससे आरोपियों के खिलाफ दोष सिद्ध हो सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *