बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मंगलवार को झारखंडवासी एकता मंच की ओर से विराट टुसू मेले का आयोजन किया गया। इसमें लोग एक से बढ़कर एक चौड़ल और टुसू प्रतिमा लेकर पहुंचे। तमाड़ के बोधडीह की श्रीश्री मां दुर्गा चौड़ल समिति का 100 फीट का चौड़ल आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें टुसू प्रतिमा, चौड़ल और बुढ़ी गाड़ी नाच के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मेले में भाग लेने के लिए झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के लोग पहुंचे। मेला समिति ने करीब एक लाख लोगों के जुटने का दावा किया है। दिवंगत पूर्व सांसद सुनील महतो ने 2006 में की थी मेले की शुरुआत इस मेले की शुरुआत वर्ष 2006 में पूर्व सांसद स्व. सुनील महतो ने की थी। तब से आज तक हर वर्ष 21 जनवरी को इस विराट टुसू मेले का आयोजन हो रहा है। मेले में सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह पर्व हमें विरासत में मिली है। उन्होंने सरकार से इस पर्व पर तीन दिन की छुट्टी घोषित करने की मांग की।


