भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के सोशल मीडिया पर दुमका के सरकारी स्कूलों की छात्र-छात्राओं को साइकिल दिए जाने के एवज में पैसे वसूले जाने की शिकायत के बाद शिक्षा महकमा हरकत में आया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। बाबूलाल मरांडी ने दुमका जिले के जरमुंडी प्रखंड के नोनीहाट पंचायत के सरकारी स्कूल में अध्ययनरत आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को कल्याण विभाग के माध्यम से मिलने वाली साइकिल के एवज में स्कूल के शिक्षक द्वारा पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। बाबूलाल मरांडी ने आरोप से संबंधित एक छात्रा का वीडियो जारी करते हुए दुमका के उपायुक्त से कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कराई जाए। जारी वीडियो में एक छात्रा द्वारा स्कूल के एक शिक्षक पर 400 रुपए मांगने की बात कही जा रही है। वीडियो में एक छात्र ने भी साइकिल देने के एवज में राशि मांगने का आरोप लगाया है। इस मामले में जरमुंडी के बीईईओ मो.जमालुद्दीन ने कहा कि प्रखंड के कदेली उत्क्रमित मध्य विद्यालय की कुछ छात्र-छात्राओं ने 200 रुपए मांगे जाने की शिकायत की है। जिला शिक्षा अधीक्षक ने पूरे मामले की जांच की जिम्मेवारी सौंपी है। एक सप्ताह के समय में मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी। भाजपा में दर्जनों लोग हुए शामिल प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को आयोजित मिलन समारोह में लोकहित अधिकार पार्टी के पवन तिग्गा के नेतृत्व में लोहरदगा के दर्जनों लोग भाजपा में शामिल हुए। इनमें सुकरु उरांव, शशि नंदन भगत, तपेश्वर प्रजापति, एतवा उरांव, इलीशिबा मिंज, तारा भगत, सुरेशचंद्र साहू, लोलेन एक्का, बिमोला मिंज, विनोद यादव, दीपक कुमार, कैलाश चौधरी, अशोक चौहान व अन्य हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा गांव, किसान, आदिवासी की सेवा कर रही है। आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत का संकल्प हम सभी को मिलकर पूरा करना है। सशक्त भाजपा बनाकर विकसित झारखंड बनाना है।


