राजस्थान में कड़ाके की ठंड के बाद बारिश (मावठ) शुरू हो गई है। डीग में बुधवार रात से ही मौसम बदला और बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। गुरुवार सुबह-सुबह रिमझिम बारिश हुई। इसके साथ ही घना कोहरा छा गया। विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम रह गई है। 16 जिलों में शुक्रवार को कोहरे का येलो अलर्ट है। सर्दी के चलते शुक्रवार को 25 जिलों में स्कूलों में छुट्टी रहेगी। गुरुवार को 27 जिलों में स्कूल बंद रहे थे। सीकर, कोटा, जैसलमेर, करौली, अलवर सहित तमाम जिलों में भी गुरुवार सुबह कोहरा रहा। इससे गाड़ियों की रफ्तार थम गई थी। कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा है। कई रूट की गाड़ियां एक से तीन घंटे देरी से चली। उधर, भीलवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात इनोवा कार और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें कार सवार दो लोग और ट्रैक्टर ड्राइवर घायल हो गए। दिन में भी रात जैसी सर्दी का अनुभव
प्रदेश में दिन में भी रात जैसी सर्दी का अनुभव हो रहा है। बुधवार को श्रीगंगानगर में दिन की सर्दी चित्तौड़गढ़ और डूंगरपुर में पड़ने वाली रात की सर्दी के समान रही। राजधानी जयपुर भी शेखावाटी के फतेहपुर (सीकर), पिलानी (झुंझुनूं) और चूरू से ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विशेषज्ञों ने राज्य में अगले 4-5 दिनों तक इसी तरह की कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग देखिए…


