धार जिले के सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने गुरुवार को सरदारपुर नगर के वार्ड क्रमांक 1 और 2 का दौरा कर रहवासियों से जनसंवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। वार्ड 1 और 2 में विधायक का जनसंवाद दौरे के दौरान विधायक प्रताप ग्रेवाल ने दोनों वार्डों के रहवासियों से सीधी बातचीत की। नागरिकों ने क्षेत्र से जुड़ी मूलभूत समस्याएं विधायक के सामने रखीं, जिस पर उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। खुले गड्ढों में फेंके जा रहे मृत पशुओं पर चिंता वार्ड क्रमांक 2 के निवासियों ने बताया कि पशुओं की मृत्यु के बाद उन्हें खुले गड्ढों में फेंक दिया जाता है, जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा बना रहता है। इस पर विधायक ने पशुपालकों से अपील की कि मृत पशुओं की जानकारी अनिवार्य रूप से नगर परिषद को दें। विधायक ग्रेवाल ने नगर परिषद के सीएमओ यशवंत शुक्ला को निर्देश दिए कि मृत पशुओं की सूचना के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाए, ताकि समय पर उनके निपटान की उचित व्यवस्था की जा सके और स्वच्छता बनी रहे। स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर सख्त रुख विधायक ने कहा कि मृत पशुओं का खुले में फेंका जाना गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करता है। इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और नगर परिषद को इसकी नियमित निगरानी करनी होगी। वार्ड क्रमांक 1 के भ्रमण के दौरान रहवासियों ने आंगनवाड़ी भवन के जर्जर होने की जानकारी दी। भवन की स्थिति को देखते हुए बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए। खाली स्कूल भवन में आंगनवाड़ी संचालन के निर्देश इस पर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने बीईओ विष्णु रघुवंशी से फोन पर चर्चा कर निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी के पास स्थित रिक्त प्राथमिक विद्यालय भवन को आंगनवाड़ी संचालन के लिए तत्काल उपलब्ध कराया जाए। रहवासियों ने नाली निर्माण की मांग रखी। विधायक ने उपयंत्री कविता जमरे को निर्देश दिए कि नाली निर्माण के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार किया जाए, ताकि कार्य को स्वीकृति मिल सके। स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई व्यवस्था पर फोकस साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर विधायक ने स्वच्छता प्रभारी अरुण गोखले को सफाई व्यवस्था सुधारने तथा विद्युत प्रभारी गोपाल मारू को आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। विधायक ने वार्डों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने नगर परिषद को निर्देश दिए कि नागरिकों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी दौरे के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि अर्पित ग्रेवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव, पूर्व पार्षद देवकरण यादव, अंसार खान, बबलु सोनेर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ श्रीमंता डोंगरादेव, विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री अनिल अमोदे, सरदारपुर हल्का पटवारी सतीश पहाड़िया, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।


