मथुरा में श्री गोवर्धन धाम की परिक्रमा संगीतमय की, आज किए जाएंगे बरसाना व वृन्दावन मंदिरों के दर्शन

लुधियाना| सिद्ध पीठ श्री दंडी स्वामी मंदिर सेवा परिकर द्वारा श्री राम मंदिर अयोध्या धाम की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दो दिवसीय संगीतमय श्री गोवर्धन धाम मथुरा, बरसाना, वृंदावन यात्रा का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ श्री दंडी स्वामी महाराज जी की असीम कृपा से किया गया। जिसकी अध्यक्षता प. राज कुमार शर्मा ने की। दो दिवसीय यात्रा में श्री सिद्ध पीठ सेवा परिकर के 130 के करीब यात्रियों का जत्था गत दिनों लुधियाना रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ था। मंगलवार को मथुरा श्री गोवर्धन धाम परिक्रमा मार्ग के लिए यात्रा हरिनाम संकीर्तन करते हुए आरंभ की। ठाकुर जी की असीम कृपा को महसूस करते हुए गिरिराज जी की परिक्रमा में संतो ने यहां पर सत्संग करते हुए 21 किलोमीटर की यात्रा सफलतापूर्वक की।उन्होंने कहा कि गोवर्धन पर्वत के हर छोटे-बड़े पत्थर में श्री कृष्ण का वास होता है। माना जाता है कि जो व्यक्ति गोवर्धन पर्वत की यात्रा करता है, उसके समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं। जो लोग यह परिक्रमा पूरी करते हैं, उन्हें सुख-शांति का आशीर्वाद मिलता है और उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसके साथ बुधवार को परिकर द्वारा बरसाना में जाकर श्री राधा रानी की के दर्शन किए जाएंगे। इसी के साथ बुधवार शाम को श्री धाम वृन्दावन में ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन करते हुए यात्रा लुधियाना वापिस आएगी। इसी के साथ दो दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य था श्री राम मंदिर अयोध्या धाम की प्रथम वर्षगांठ और लोगो को सनातन धर्म के इतिहास के बारे में अवगत करवाना। इस दौरान इस यात्रा में हरि भक्तो का उत्साह देखने योग्य था। इस दौरान श्री गिरिराज परिक्रम मार्ग के पंडित द्वारा विस्तार में गिरिराज गोवर्धन परिक्रम मार्ग का महत्व बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *