भास्कर न्यूज | रायगढ़ सुबह से शीतलहर चलने के कारण तेज ठंड का अहसास हो रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिले में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच गया है। शीतलहर की वजह से सुबह से रात तक ठिठुरन बनी हुई है। सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या गार्डन और मैदानों में कम हो गई है। आने वाले सप्ताह भर तापमान ऐसा ही रहने की संभावना है। मकर संक्रांति के बाद तापमान बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। जनवरी की शुरुआत में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक पहुंचने से ठंड का असर कुछ कम हुआ था, लेकिन पिछले दो-तीन दिनों से फिर ठंड बढ़ गई है। वर्तमान में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में शहर की तुलना में ठंड का असर अधिक है। सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा भी छाया रहता है। वहीं ज्यादा ठंड के कारण रात में सड़कों पर सन्नाटा रहता है। शहर में की गई अलाव व्यवस्था: लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और गरम कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। नगर निगम हर रात शहर के 10 से अधिक जगहों पर अलाव जलाने के लिए लकड़ी उपलब्ध करा रहा है। इनमें मेडिकल कॉलेज में दो जगह, अशर्फी देवी अस्पताल, चक्रधर नगर ऑटो पार्किंग, जिला अस्पताल, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड समेत अन्य जगह लकड़ी छोड़ी जा रही है। एक नजर शहर में पांच दिन के तापमान पर दिन अधिकतम न्यूनतम शुक्रवार 26.8 10.1 शनिवार 27.2 10.6 रविवार 28.1 11.9 सोमवार 27.9 11.7 मंगलवार 27 10.5


