भास्कर न्यूज | लुधियाना दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 13 जनवरी से 16 फरवरी तक महाकुंभ, प्रयागराज में विशाल शिविर लगाया गया हैं। भव्य शिविर की तैयारियां संस्थान के विभिन्न प्रांतों और विदेशों आए सेवादारों द्वारा की जा रही है। संन्यासी शिष्य और शिष्याएं विभिन्न प्रान्तों से आए श्रद्धालुओं को अलग-अलग भाषाओं में सनातन धर्म और आध्यात्मिक ज्ञान के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्वामी गुरु कृपानंद ने कहा कि लुधियाना से 35 सेवादारों की टीम महाकुंभ में सेवारत हैं और आने वाले दिनों में 100 सेवादारों की टीम यहां से सेवा कार्य के लिए महाकुंभ में पहुंचेगी। पूरे महाकुंभ के दौरान करीब 250 सेवादार अपनी सेवाएं निभाएंगे। महाकुंभ से वापिस आने वाले सेवादार पवित्र जल भी लाएंगे। जोकि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भक्तों को वितरित किया जाएगा और इलाकों में भी बांटा जाएगा। ताकि महाकुंभ में न जाने वाले भक्त में घर बैठे महाकुंभ का लाभ ले सकें। दिव्य ज्योति वेद मंदिर द्वार देश-विदेशों से आए ब्रह्मज्ञानी वेद-पाठियों द्वारा विश्व का सबसे बड़ा शुक्ल यजुर्वेदीय संहिता पथ मंत्रोचारण शुरू किया गया। यह अद्भुत आयोजन, जो 33 दिन और रात तक निरंतर जारी रहेगा। इसमें 504 ब्रह्मज्ञानी वैदिक विद्वान सम्मिलित हैं, जो 792 घंटे तक बिना रुके पाठ करेंगे। इस महा दिव्य अनुष्ठान में कुल 25,61,328 वैदिक मंत्रों का उच्चारण होगा, जिसमें शुक्ल यजुर्वेदीय रुद्र अष्टाध्यायी के 11,088 पाठ सम्मिलित हैं। इस महाकुंभ मेले में संस्थान द्वारा भव्य स्तर पर विश्वप्रसिद्ध कथा वाचकों द्वारा श्री रामकथा, श्री कृष्ण कथा, भजन संध्या – श्याममयी मीरा, श्रीमद् भागवत कथा, रामायण कथा, सुन्दर कांड कथा एवं श्री शिव कथा का आयोजन होने जा रहा है। 23 जनवरी को विशेष तौर पर नारी कुंभ – नारी सतयुग लाएगी मनाया जाएगा। जिसमें हजारों महिलाएं आत्म जागरण एवं महिला सशक्तिकरण के बारे में जानेंगी। 25 जनवरी को शिव आनंदमय कार्यक्रम, 31 जनवरी को गीता उत्सव, 9 फरवरी को विशेष युवा कुंभ मनाया जाएगा।


