सीहोर जिले के आष्टा में कारोबारी मनोज परमार और उनकी पत्नी नेहा का शव शुक्रवार सुबह घर में फंदे पर लटका मिला है। 8 दिन पहले 5 दिसंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने परमार के इंदौर और सीहोर स्थित चार ठिकानों पर छापा मारा था। यहां से कई चल-अचल और बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए थे। साथ ही साढ़े तीन लाख रुपए का बैंक बैलेंस भी फ्रीज किया था। मामला पंजाब नेशनल बैंक में 6 करोड़ रुपए के फ्रॉड का है। इसमें परमार की गिरफ्तारी भी की गई थी। इसके बाद से वे परेशान थे। मनोज परमार तब चर्चा में आए थे जब उनके बच्चों ने न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को गुल्लक भेंट की थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद से ही वे भाजपा के निशाने पर थे। SDOP आकाश अमलकर के मुताबिक, मौके से पांच पेज का सुसाइड नोट मिला है। बेटे ने कहा- ED ने मानसिक दबाव बनाया मनोज परमार सीहोर जिले के हरसपुर तहसील के रहने वाले थे। वे आष्टा क्षेत्र में प्रॉपर्टी के साथ शेयर मार्केटिंग का काम करते थे। यहां उनका मकान और एक कॉम्प्लेक्स भी था। मनोज के तीन बच्चे हैं-बेटी जिया (18), बेटे जतिन (16) और यश (13)। जतिन ने कहा, ‘ED वालों ने मानसिक तौर पर प्रेशर बनाया था। इस कारण माता-पिता ने सुसाइड किया है।’ मनोज के भाई और हर्षपुर के सरपंच राजेश परमार ने बताया कि मनोज पर ED का मानसिक दबाव था। इससे पहले भी कार्रवाई हुई थी, इससे वह परेशान हो चुका था। साथ में बीजेपी वाले भी परेशान कर रहे थे, इसीलिए उसने यह कदम उठाया। सुसाइड नोट में ईडी अफसरों पर प्रताड़ना के साथ बड़े आरोप पुलिस के मुताबिक, मनोज परमार ने 5 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है। 7 पॉइंट्स के इस नोट में 5 दिसंबर को ईडी की रेड के बारे में लिखा है। अफसरों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पढ़िए, सुसाइड नोट की बड़ी बातें…. एक दिन पहले बगलामुखी मंदिर गए थे
परिजन ने बताया कि मनोज गुरुवार को पत्नी और बच्चों के साथ सुसनेर के पास बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने गए थे। रात करीब 8 बजे घर लौटे। शांति नगर स्थित एक मकान में तीनों बच्चों को सुला दिया। इसी मकान के पास बने दूसरे मकान में पत्नी नेहा के साथ सोने चले गए। शुक्रवार सुबह काफी देर तक दोनों नहीं आए तो बड़ा बेटा जतिन वहां देखने पहुंचा। कमरे का दरवाजा अटकाभर था। अंदर जाकर देखा तो माता-पिता फंदे पर लटके थे। उसने अन्य परिजन को जानकारी दी। पुलिस को भी फोन लगाया। सुबह करीब 8:30 बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। कांग्रेस का आरोप- राहुल से मिलने के बाद भाजपा की नजर में थे
सीहोर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश परमार का कहना है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में मनोज परमार के बेटे ने गुल्लक टीम बनाकर मदद की थी, तभी से वे भारतीय जनता पार्टी की नजर में थे। कुछ दिन पहले ED की रेड डलवाकर मनोज के परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा। दिग्विजय सिंह का ट्वीट- कांग्रेस समर्थक थे, इसलिए ED ने रेड डाली कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी बोले- यह सरकारी हत्या
खबर मिलते ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आष्टा सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने परमार के परिजन से बात की। पुलिस अधिकारियों से मामले का अपडेट लिया। उन्होंने कहा कि ईडी से परेशान होकर मनोज ने पत्नी समेत आत्महत्या की। मनोज की मौत के लिए भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईडी जिम्मेदार हैं। यह एक सरकारी हत्या है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। ऐसा नहीं होता है तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। BJP का जवाब- यह कांग्रेसियों का गिद्ध रूपी चरित्र
कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने ट्वीट किया- मृत्यु पर राजनीति करना कांग्रेसियों का पुराना ‘गिद्ध रूपी चरित्र’ है। आत्महत्या किसी की भी हो, दुखद है लेकिन कांग्रेसी सिर्फ अपने निजी हित और स्वार्थ को चमकाने के लिए इसका दुरुपयोग करते हैं। अधिकारियों पर क्रिमिनल केस दर्ज किया जाए: कांग्रेस
पूर्व मंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कहा- जिन अधिकारियों ने मनोज परमार के यहां छापेमारी की थी और उन पर बीजेपी में शामिल होने का दबाव डाला था। उन सभी अधिकारियों पर क्रिमिनल केस दर्ज किया जाए। पंजाब नेशनल बैंक फ्रॉड केस में हुई थी गिरफ्तारी
CBI ने पंजाब नेशनल बैंक से 6 करोड़ के फ्रॉड के मामले में मनोज परमार की गिरफ्तारी की थी। ED की कार्रवाई के बाद BJP के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने सोशल मीडिया X पर लिखा था, ‘ये वही उद्योगपति मनोज परमार है, जो रात दिन भाजपा को कोसता है, जिसने बच्चों की एक ‘गुल्लक टीम’ बनाई हुई है। ये गुल्लक टीम राहुल गांधी से लेकर कमलनाथ जी, पवन खेड़ा, भूपेश बघेल, हिमाचल के मुख्यमंत्री और अन्य बड़े कांग्रेस के नेताओं को समय-समय पर पैसों की गुल्लक भेंट करती है।’ सलूजा ने आगे लिखा था- ‘राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी ये टीम राहुल गांधी को गुल्लक भेंट करने पहुंची थी। खुद राहुल गांधी ने इसको ट्वीट किया था। ये गुल्लक टीम कांग्रेस का प्रचार करती है, दिनभर सोशल मीडिया पर भाजपा को कोसती है। मनोज परमार रात दिन अपनी इस गुल्लक टीम को प्रमोट करता है। इस गुल्लक टीम की आड़ में भ्रष्टाचार की कमाई का कैसा खेल खेला जा रहा था, यह आज पता चला है।’ खबर पर आप अपनी राय यहां दे सकते हैं… मामले से जुड़ी ये खबर भी पढे़ं… इंदौर-सीहोर में कारोबारी मनोज परमार पर ED की रेड भोपाल ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम ने कारोबारी मनोज परमार की कई चल-अचल और बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए हैं। साथ ही साढ़े तीन लाख रुपए का बैंक बैलेंस भी फ्रीज किया है। ईडी ने शनिवार शाम को कार्रवाई की जानकारी दी। हालांकि ये नहीं बताया कि कौन-कौन सी चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए हैं और उनकी कीमत क्या है? पढ़ें पूरी खबर…


