महिला की मौत पर बवाल, पुलिस पर लाठीचार्ज का लगा आरोप; सड़क जाम

खड़गपुर| खड़गपुर शहर के छोटा टेंगरा इलाके में एक मकान के छत ढलाई करने को लेकर पुलिस कार्रवाई के दौरान बवाल मच गया। पुलिस पर इलाके के लोगों पर लाठीचार्ज करने और लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा। इसी बीच एक महिला की मौत हो गयी। मृतिका का नाम राघनी टांडी (60 वर्ष )है। जिसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इलाके के लोगों का आरोप है कि पुलिस के धक्के मुक्की और लाठी चार्ज से महिला जख्मी हो गयी थी। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में महिला की मौत हो गयी। जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ा। इलाके के आक्रोशित लोगों ने खड़गपुर रेलवे स्टेशन से आईआईटी जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जिससे एक ओर इलाके में यातायात बाधित हुआ और दूसरी ओर गुस्साये लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी बीच मामले में हस्तक्षेप करने के लिये खड़गपुर शहर के तृणमूल नेता व स्थानीय पार्षद रविशंकर पांडेय, देवाशीष चौधरी, प्रदीप सरकर, कल्याणी घोष, अपूर्व घोष सहित कई तृणमूल नेता इलाके में पहुंचे और विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर सड़क जाम को हटाने और थाने में जाकर पुलिस से मामले को लेकर बातचीत करने और उन्हें उचित न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने सड़क से जाम हटाने से इंकार किया। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेत्री सुमिता दास, अमित शर्मा, सचिन सहित कई कांग्रेस नेताओं ने मोर्चा संभालते हुये सड़क जाम में प्रदर्शनकारियों के साथ डटे रहे।करीबन साढ़े तीन बजे प्रदर्शनकारी सड़क जाम से हटे। कांग्रेस नेत्री सुमिता दास के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों का एक दल थाने पहुंचकर खड़गपुर नगर थाना प्रभारी से बातचीत की। पुलिस ने मामले में सहयोग करने की बात कही। पुलिस के अनुसार उन्हें शिकायत मिली थी कि रात के अंधेरे में अवैध तरीके से छत ढलाई करने की जानकारी मिली थी, जब वे कार्रवाई के लिये इलाके में गये थे, तो पुलिसकर्मी पर पथराव और हमला किया गया। वहीं गिरफ्तार किये गये लोगों के परिजनों का कहना है कि घटना के दौरान तीनों लोग अपने घरों में थे। पुलिस ने बेवजह तीनों को गिरफ्तार किया। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया।समाचार लिखे जाने तक इलाके का माहौल आक्रोशित था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *