गिरिडीह|गिरिडीह के पूर्वी भाग मंडल अंतर्गत तुरुकडीहा गांव में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. विनीता कुमारी के नेतृत्व में जरूरतमंद महिलाओं के बीच कंबल वितरण किया गया। कार्यक्रम मंडल महामंत्री प्रदीप राय एवं लवली देवी के सहयोग से संपन्न हुआ। प्रो. विनीता कुमारी ने कहा कि सेवा ही संगठन की पहचान है । कहा कि समीर दीप, अमित आर्या, पवन कंधवे सहित अन्य कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही इन कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सका है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनकी सहभागिता से आयोजन सफल रहा। भास्कर न्यूज | बगोदर झारखंड आंदोलन के नेता व झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक सदस्यों में शामिल स्वर्गीय गिरधारी महतो की 17वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को मनाई जाएगी। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड समिति बगोदर एवं स्मारक समिति मुंडरो के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। स्व. गिरधारी महतो छात्र जीवन से ही राजनीति एवं सामाजिक आंदोलनों में सक्रिय थे। बिनोद बिहारी महतो के नेतृत्व में शिवाजी समाज से जुड़कर उन्होंने दहेज प्रथा, बाल विवाह, शराबखोरी, महाजनी प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान देते हुए क्षेत्र में दर्जनों विद्यालयों की स्थापना कर बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया। वर्ष 1972 में झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना के समय वे इसके संस्थापक सदस्य बने। बिनोद बिहारी महतो, शिबू सोरेन, शेरे शिवा महतो एवं टेकलाल महतो के साथ मिलकर उन्होंने गिरिडीह जिला एवं आसपास के क्षेत्रों में झारखंड आंदोलन का नेतृत्व किया। आंदोलन के दौरान वे 15 से अधिक बार जेल गए। वर्ष 1995 में झामुमो के तत्कालीन जिला अध्यक्ष रहते हुए उन्हें बगोदर से गिरफ्तार कर हजारीबाग केंद्रीय कारागार भेजा गया था। जेल में रहते हुए उन्होंने विधानसभा चुनाव भी लड़ा। तमाड़ विधानसभा उपचुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की हार की सूचना मिलने पर एक सभा के दौरान उन्हें हृदयाघात हुआ, जिससे उनका निधन हो गया। 9 जनवरी को पहले बगोदर पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, इसके बाद उनके पैतृक गांव मुंडरो में कार्यक्रम आयोजित होगा। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल व चादर का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी प्रखंड प्रवक्ता बंधन महतो ने दी।


