गढ़वा | सामाजिक सरोकार और प्रशासनिक संवेदना से प्रेरित आइये खुशियां बांटें अभियान अपने 40वें दिन भी मानवीय गर्माहट के साथ आगे बढ़ता रहा। गुरुवार को यह अभियान फरठिया के समीप रह रहे प्रवासी मजदूर परिवारों के बीच पहुंचा, जहां रोजी-रोटी की तलाश में दूर-दराज से आए परिवारों के बीच ठंड से बचाव व राहत स्वरूप ऊनी कपड़े, कंबल, चप्पल आदि सामग्री बांटी गई। अस्थायी झोपड़ियों और सीमित संसाधनों के बीच जीवन यापन कर रहे इन प्रवासी परिवारों के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उनकी आवश्यकता के अनुसार स्वेटर, जैकेट, शॉल, कंबल,शर्ट, पैंट, जींस सहित लगभग 200 गर्म वस्त्र उपलब्ध कराए गए। गर्म कपड़े पहनते ही बच्चों की आंखों में चमक और बुजुर्गों के चेहरों पर आशीर्वाद का भाव साफ दिखाई दिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं है।


