भास्कर न्यूज | अमृतसर सोशल मीडिया पर हथियार की फोटो अपलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया। रामदास थाना पुलिस ने आरोपी युवक को काबू करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसआई जसवंत सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक युवक की ओर से हथियार की नुमाइश करते हुए फोटो अपलोड की गई है, जो वायरल हो रही है। पुलिस ने जब फोटो की जांच की तो यह फोटो रामदास थाना क्षेत्र के गांव धोबा निवासी अंकित की पाई गई। युवक ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो डालकर कानून का उल्लंघन किया है। इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित को काबू कर लिया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करना कानूनन अपराध है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। ऐसे मामलों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें और किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहें।


