भास्कर न्यूज | राउरकेला आगामी 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के भव्य आयोजन को लेकर राउरकेला प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को आईटीडीए सभागार में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं राष्ट्रीय पर्व आयोजन समिति की अध्यक्ष दीना दस्तगीर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय तैयारी बैठक संपन्न हुई। बैठक में समारोह को गरिमामय और भव्य बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। 26 जनवरी का मुख्य कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 जनवरी की सुबह 8:30 बजे उदितनगर परेड मैदान में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और परेड की सलामी ली जाएगी। इससे पूर्व, सुबह 7:00 से 7:30 बजे के बीच सभी सरकारी व निजी संस्थानों में ध्वजारोहण संपन्न होगा। जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा शहर में रामधुन के प्रसारण के साथ राष्ट्रीय पर्व की शुरुआत की जाएगी। परेड और सांस्कृतिक आकर्षण परेड के सुचारू संचालन के लिए 21, 22 और 24 जनवरी को सुबह 8 बजे से अभ्यास आयोजित की जाएगी। इसमें पुलिस, असैनिक रक्षा बल, एनसीसी (सीनियर व जूनियर डिवीजन) और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। परेड मैदान में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। प्रतियोगिताएं और सम्मान गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में स्कूली और कॉलेज स्तर पर भाषण, निबंध, देशभक्ति गीत और चित्रांकन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों जैसे नृत्य, संगीत और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।


