आतिशी की टिप्पणी से आप की गुरुओं के प्रति नीच सोच उजागर: हरविंदर संधू

भास्कर न्यूज | अमृतसर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष आतिशी मारलेना द्वारा नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादर जी के विरुद्ध की गई कथित टिप्पणी को लेकर पंजाब में सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है। इस टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथी गेट चौक पर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आम आदमी पार्टी और आतिशी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि आतिशी की टिप्पणी आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं की सिख गुरुओं के प्रति नीच और असंवेदनशील सोच को उजागर करती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह टिप्पणी श्री गुरु तेग बहादुर जी के सर्वोच्च बलिदान का घोर अपमान है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संधू ने मांग की कि आतिशी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा भाजपा इस मुद्दे पर संघर्ष को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सोच बाबर और जबर जैसी है, जो सिखों और देश की एकता के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप पार्टी धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है, जिसे पंजाब और देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु तेग बहादर जी के बलिदान को विश्व पटल पर लाने के लिए देश-विदेश में कार्यक्रम आयोजित किए, जहां बड़े नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए, जबकि आम आदमी पार्टी उसी परंपरा का अपमान कर रही है। इस मौके पर सुखमिंदर सिंह पिंटू, डॉ. राम चावला, मनजिंदर सिंह ठेकेदार, कुमार अमित, गुरप्रताप सिंह टिक्का, अजयबीर पाल सिंह रंधावा, रमा महाजन आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *