भास्कर न्यूज |कुस्तला कुस्तला कस्बे में पेयजल आपूर्ति उस समय बाधित हो गई, जब पानी की टंकी के नीचे बिछी 8 इंच व्यास की मुख्य पाइपलाइन दो स्थानों से टूट गई। इसी पाइपलाइन के माध्यम से कस्बे में जल जीवन मिशन के तहत पानी की सप्लाई की जाती है। पेयजल आपूर्ति कार्मिक रिंकू जाट ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जब तक मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक कस्बे की जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में जलदाय विभाग के अधिकारियों एवं सहायक अभियंता को अवगत कराया गया है। सहायक अभियंता ने पाइपलाइन ठीक कराने की बात तो कही, लेकिन आवश्यक संसाधन, बोल्ट व अन्य सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण फिलहाल मरम्मत संभव नहीं बताई। कस्बे में पहले से ही एक दिन छोड़कर पेयजल आपूर्ति होती है। ऐसे में यदि मरम्मत में देरी हुई तो लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वर्तमान में सर्दी और ठंडी हवाओं के चलते दूर-दराज से पानी लाना बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए मुश्किल होगा। कस्बेवासियों ने जलदाय विभाग से मांग की है कि टूटी हुई पाइपलाइन को शीघ्र ठीक कराया जाए, ताकि समय पर पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल हो सके।


