भास्कर संवाददाता | सीहोर मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से शहर के चर्च मैदान पर होने वाली खेलो एमपी फुटबाल प्रतियोगिता के लिए गुरुवार को जिले के सभी ब्लाकों के अलावा शहर सहित आस-पास के करीब 50 से अधिक बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया ट्रायल में हिस्सा लिया। ट्रायल को लेकर जिला फुटबाल एसोसिएशन के सचिव मनोज कन्नोजिया ने एक चयन समिति का गठन किया है। जिसमें सीनियर खिलाड़ी आनंद उपाध्याय, सुयश कन्नोजिया, अताउल्ला खान और दीपक अहिरवार आदि को शामिल किया गया है। आष्टा, इछावर, भैरूंदा, सीहोर के खिलाड़ियों ने भाग लिया: एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि आगामी दिनों में होने वाली खेलो एमपी फुटबाल प्रतियोगिता के लिए गुरुवार को आष्टा, इछावर, भैरूंदा, सीहोर सहित आसपास के इच्छुक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसके बाद टीम का गठन कर अंडर-19 प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं मैदान पर अभ्यास सत्र के अलावा मैच का आयोजन भी किया जा रहा है। गुरुवार शाम को जूनियर टीम के बीच एक रोमांचक मैच खेला गया था। इसमें सीहोर रेड ने सीहोर ग्रीन को 1-0 से हराया। इस मुकाबले में सीहोर रेड की ओर से एक मात्र गोल राजनाथ ने किया।


