अकोदिया में अतिक्रमण से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, जल्द हटेगा कब्जा

भास्कर संवाददाता | अकोदिया अकोदिया में अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने एक टीम का गठन किया है और जल्द ही अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा। नगर में मंडी से लेकर बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर छोटे-मोटे वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इसी तरह बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक दुकानों का सामान और वाहन सड़क पर खड़े रहते हैं, जिससे बड़े वाहनों को निकलने में काफी परेशानी होती है। नगर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नागरिकों ने कई बार नगर परिषद में शिकायतें की हैं। इन शिकायतों के मद्देनजर नगर परिषद ने एक टीम गठित की है। सारंगपुर और शुजालपुर जाने वाले वाहनों को दिक्कत: होटलों के सामने भी दोपहिया और चार पहिया वाहन सड़क के बीच में खड़े कर दिए जाते हैं। इससे सारंगपुर और शुजालपुर जाने वाले वाहनों को आवागमन में दिक्कतें आती हैं। कई बार तो एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण से यातायात हो रहा बाधित नगर की यातायात व्यवस्था दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। टप्पा चौराहे से लेकर झंडा चौक तक दुकानों ने अतिक्रमण कर रखा है। झंडा चौक पर तो सड़क की केवल एक ही लेन चालू रहती है। रोजाना शाम 4 बजे स्कूलों की छुट्टी होने पर स्कूल बसें भी जाम में फंस जाती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *