भास्कर संवाददाता| सलकनपुर रेहटी पुलिस ने गुरुवार को अवैध शराब ले जा रहे दो लोगों को पकड़ा। आरोपियों के पास से एक कार में 79 लीटर 900 एमएल शराब मिली। इसमें 300 क्वार्टर देशी और 144 क्वार्टर अंग्रेजी शराब शामिल है। जब्त शराब और कार की कुल कीमत 7 लाख 7 हजार 480 रुपए आंकी गई है। एसपी दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। एएसपी सुनीता रावत और एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में टीम बनाई गई। 7 दिसंबर को टीम को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद टीम कलवाना नहर के पास पहुंची। वहां सामने से आ रही कार एमपी 04 वायसी 2164 को रोका गया। कार में सवार लोगों ने अपने नाम सौरभ यादववंशी और भोलाराम यादववंशी बताए। दोनों डिमावर भैरूंदा के रहने वाले हैं। कार की तलाशी में पीछे की डिक्की से 9 पेटी शराब मिली। इसमें 6 पेटी देशी शराब थी, जिसमें 300 क्वार्टर यानी 54 लीटर शराब थी। 3 पेटी अंग्रेजी शराब में 144 क्वार्टर यानी 25 लीटर शराब मिली। कुल शराब की मात्रा 79 लीटर 900 एमएल रही। इसकी कीमत 57,480 रुपए बताई गई। आरोपियों से शराब रखने, ले जाने और बेचने का लाइसेंस मांगा गया। दोनों कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद शराब और कार जब्त कर ली गई। कार की कीमत 6 लाख 50 हजार रुपए बताई गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


