सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो स्टील प्लांट से जनवरी 2026 में सेवानिवृत होने वाले 71 कार्मिकों के लिए एक नए सफर की शुरूआत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सेवानिवृति से जुड़ी औपचारिकताओं व सेवानिवृति के बाद जीवन में आने वाले संभावित परिवर्तनों के समुचित प्रबंधन की जानकारी दी गई। गुरुवार को मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मेन ऑडिटोरियम में मानव संसाधन के अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) कल्पना ने नए मेडिक्लेम योजना की जानकारी के साथ कार्यक्रम के प्रयोजन से सभी को अवगत कराया। डॉ. जया लक्ष्मी, मेडिकल ऑफिसर (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) एवं योग गुरु के बी मिश्रा ने इस्पात कर्मियों को स्वास्थ्य प्रबंधन के बारे में बताया। उप महा प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) अनुपम शी ने वित्तीय प्रबंधन तथा नगर प्रशासन विभाग से प्रणव कुमार विद्रोही, कनीय प्रबंधक ने आवास प्रतिधारण नीति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।


