सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में गुरुवार को जेएससीए अंतर जिला अंडर-19 प्लेट ग्रुप बीएन सिंह ट्रॉफी में ग्रुप-ए का अंतिम दोनों मैच खेला गया। सेक्टर-3 स्थित ट्रेनीज हॉस्टल ग्राउंड में खेले गए पहले मैच में चतरा की टीम ने रामगढ़ की टीम को 4 विकेट से पराजित कर सुपर लीग में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रामगढ़ ने 45 ओवर में सभी विकेट खोकर 213 रनों का स्कोर बनाया। टीम के देवेश गोयल ने 119 व भविष्य कुमार ने 22 रन बनाए। गेंदबाजी में चतरा के रोहित यादव ने 47 रन देकर तीन विकेट लिए। जवाबी पारी खेलते हुए चतरा की टीम ने जीत के लिए जरूरी 214 रन 35.2 ओवर में 6 विकेट खोकर बना लिए। टीम की ओर से समीर कुमार ने 63, सौरभ सरवन गिरि ने 54 एवं पंकज यादव ने 37 रन बनाए। गेंदबाजी में रामगढ़ के समीर कुमार ने 36 रन देकर दो विकेट लिए। मैच में उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए चतरा के समीर कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मैच जेएससीए के आजीवन सदस्य ज्योति प्रकाश द्विवेदी ने सौंपा। वहीं, चास कॉलेज चास के मैदान में खेले गए दूसरे मैच में सरायकेला खरसावां की टीम ने गिरिडीह की टीम को चार विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गिरिडीह की टीम ने 22 ओवर में सभी विकेट खोकर 143 रनों का स्कोर बनाया। टीम की ओर से महेंद्र ने 51 एवं फुरकान अंसारी ने 50 रन बनाए। गेंदबाजी में सरायकेला खरसावां के शुभम प्रसाद ने 33 रन देकर पांच व राहुल अग्रवाल ने 44 रन देकर तीन विकेट लिए। जबकि मोहक राज को दो सफलता मिली। जवाबी पारी खेलते हुए सरायकेला खरसावां ने जीत के लिए जरूरी 144 रन 24.4 ओवर में 6 विकेट खोकर बना लिए। टीम की ओर से रंजीत ने 59 एवं प्रतीक कुमार ने 34 रन बनाए। मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए सरायकेला के शुभम प्रसाद को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड टीआरडीओ पप्पू सिंह ने सौंपा।


