मास्टर ट्रेनर्स चुनाव प्रक्रिया की रीढ़ हैं: कलेक्टर

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर आगामी पंचायत व नगरीय निकाय चुनावों को संपन्न कराने के लिए मास्टर ट्रेनरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में आयोजित हुुआ। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन त्रिपाठी ने प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया। इस दौैरान मास्टर ट्रेनरों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि मास्टर ट्रेनर चुनाव प्रक्रिया की रीढ़ हैं। उनके प्रशिक्षण से ही मतदान केंद्रों में निष्पक्ष मतदान और मतगणना संभव है। जिले में पंचायत चुनाव दो चरणों में होंगे, जबकि नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम के माध्यम से कराए जाएंगे। मास्टर ट्रेनरों से ईवीएम की तकनीकी जानकारी और संचालन प्रक्रिया को अच्छी तरह से समझने और प्रशिक्षण सत्रों के दौरान इसे सटीकता से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पंचायत चुनावों में जीत और हार का अंतर बहुत कम होता है, जिससे मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होनी चाहिए। यहां बता दें कि पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होना है। मतपत्रों की गिनती में सतर्कता और सटीकता तय करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिपं सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने मास्टर ट्रेनरों को कहा कि प्रमाणित जानकारी ही साझा करें। उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनरों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के साथ छोटे दलों में तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति का प्रबंधन किया जा सके। वहीं चुनाव कार्य में असमर्थ कर्मचारियों की सूची तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए। यहा बता दें कि कोरिया जिले के एक नवगठित नगर पंचायत पटना समेत जिला, जनपद व पंचायत चुनाव होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *