युवराज और विराज के शानदार प्रदर्शन से जालंधर ने लुधियाना को हराकर फाइनल में प्रवेश किया

भास्कर न्यूज | जालंधर जिला लुधियाना में खेले गए अंडर-14 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में जालंधर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लुधियाना को पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में लुधियाना की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन जालंधर के गेंदबाजों ने शुरू से ही कसी हुई गेंदबाजी करते हुए उन्हें बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया। युवराज बाठ ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 9 ओवर में मात्र 31 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत लुधियाना की पूरी टीम 139 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जालंधर की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद विराज निश्चल ने एक बार फिर जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए नाबाद 42 रन बनाए। उनके साथ क्रिशव ने 29 रनों की अहम साझेदारी निभाई, जिससे जालंधर ने लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की और फाइनल में जगह पक्की की। अब टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में जालंधर की टीम का सामना पटियाला से होगा। इस अवसर पर जालंधर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान संजीव कुमार, उपाध्यक्ष रंजन चोपड़ा, संयुक्त सचिव संजीव अंगरिश, कोषाध्यक्ष ऋषि राज शर्मा, पीसीए एपेक्स सदस्य अरमिंदर सिंह एवं कोच अजय कुमार ने टीम को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *