त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की समय सीमा बढ़ती जा रही है। ड्राफ्ट सूची प्रकाशित हो चुकी है और उसपर दावे एवं आपत्तियां भी मंगाई जा चुकी हैं। इस बीच राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से एक और सूची जारी की गई है। जिसमें संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का जिक्र है। इस बार जिले को यूनिट मानकर यह सूची जिलों को भेजी गई है। इस सूची के मुताबिक गोरखपुर में 12.37 लाख डुप्लीकेट मतदाता हैं। इनके सत्यापन के लिए सभी बीएलओ को सूची उपलब्ध करा दी गई है। 20 फरवरी तक इसका सत्यापन किया जाएगा।
इसके पहले पुनरीक्षण का काम पूरा होने के बाद ब्लाक को यूनिट मानकर 5.16 लाख संभावित डुप्लीकेट वोटरों की सूची जारी की गई थी। बीएलओ के माध्यम से उसका सत्यापन भी कराया गया था। सत्यापन के बाद लगभग 1.51 लाख वोट काटे गए थे। अब एक बार फिर संभावित डुप्लीकेट के नाम जारी किए गए हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सत्यापित किए जाने वाले 12.37 लाख वोटरों में पहले जारी 5.16 लाख वोटर भी हैं या नहीं। SIR ड्राफ्ट सूची व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सूची बराबर होने से भी उठे सवाल विधानसभा चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया भी जारी है। इसकी ड्राफ्ट सूची में जिले में 30.20 लाख मतदाता हैं। इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में 29.88 लाख मतदाता शामिल हैं। दावे एवं आपत्तियों के बाद 30 हजार से अधिक नाम जोड़ने के आवेदन आए हैं। इस तरह इस सूची में SIR सूची के बराबर नाम हो जाएंगे। ऐसे में दोनों मतदाता सूची में नाम बराबर होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नगर पंचायतों के मतदाता शामिल नहीं हैं। अगर इसे भी शामिल कर लें तो लगभग इतने ही 12 लाख से अधिक मतदाता अधिक हो जाएंगे। संभवत: संभावित डुप्लीकेट नामों के सत्यापन के बाद बड़े पैमाने पर नाम कटेंगे। 1900 बीएलओ की लगाई गई है ड्यूटी
इस सूची के सत्यापन के लिए 1900 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। अपने-अपने निर्धारित वार्डों में ये बीएलओ जाएंगे और इस सूची में शामिल मतदाता से या उसके परिवार से मिलेंगे। मतदाता मौजूद मिलेगा तो उससे उसके आधार कार्ड के आखिरी 4 डिजिट मांगे जाएंगे। इसे दर्ज कर रिपोर्ट दी जाएगी। जो आधार कार्ड का अंतिम चार डिजिट नहीं देगा या जिसके पास आधार कार्ड नहीं होगा, उसका नाम काट दिया जाएगा। अब जानिए कैसे चुने गए हैं संभावित डुप्लीकेट मतदाता राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले को इकाई मानकर संभावित डुप्लीकेट नामों की सूची तैयार की गई है। इसमें उन लोगों को रखा गया है, जिसमें नाम, पिता का नाम व जेंडर समान है। जिले में जिस मतदाता में भी ये तीनों चीजें कामन होंगी, उसका नाम ही संभावित डुप्लीकेट सूची में शामिल किया गया है। अब 28 मार्च को होगा प्रकाशन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में संभावित डुप्लीकेट वोटर का सर्वे शुरू हो गया है, जो 20 फरवरी तक होगा। इस कारण फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन 28 मार्च को होगा, जबकि पहले निर्धारित तिथि के अनुसार 6 फरवरी को ही फाइनल वोटर लिस्ट जारी होनी थी। बीएलओ को सौंपी जा चुकी है सूची उप जिला निर्वाचन अधिकारी /एडीएम एफआर विनीत कुमार सिंह ने बताया कि ब्लाक को यूनिट मानकर सत्यापन कराया जा चुका है। अब निर्वाचन आयोग ने जिले को यूनिट मानकर संभावित डुप्लीकेट वोटरों की एक और सूची तैयार की है। इसमें 12.37 लाख मतदाताओं के नाम हैं। सूची बीएलओ को दे दी गई है। वे घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे वास्तव में जिन लोगों की पहचान डुप्लीकेट वोटर रूप में सामने आएगी, उनके नाम काटे जाएंगे। जानिए कहां कितने डुप्लीकेट वोटर ब्लॉक- संभावित डुप्लीकेट वोटर भटहट- 70911
उरुवा- 61753
ब्रह्मपुर- 76480
जंगल कौड़िया- 44570
पिपराइच- 59944
गगहा- 62962
पाली- 41133
कैंपियरगंज-83713
चरगावां- 61527
गोला- 53632
बड़हलगंज-65013
खोराबार- 52579
बेलघाट- 76857
सरदारनगर- 57912
सहजनवां- 54773
पिपरौली- 72842
खजनी- 75778
बांसगांव-55155
कौड़ीराम-60680
भरोहिया-49225


