सरोना से लाभांडी सर्विस लेन 30 किमी तक 10 मीटर होगी चौड़ी, रोज 12-15 हजार लोगों को जाम से राहत

शहर से सबसे व्यस्त और ट्रैफिक जाम के लिए सरोना से लाभांडी पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। एनएच 53 में सरोना से लाभांडी तक लंबे समय से अधर में लटके सर्विस लेन चौड़ी होगी। एनएचएआई दोनों तरफ की सर्विस लेन को 10 मीटर चौड़ी करेगा। चौड़ीकरण के लिए एनएचएआई ने 95 करोड़ की लागत से इसका टेंडर जारी कर फरवरी माह तक टेंडर फाइनल कर चौड़ीकरण का काम शुरु करेगा। ठेका एजेंसी को मार्च 2027 तक चौड़ीकरण का काम पूरा करना है। इसके लिए एनएचएआई को भूमि अधिग्रहण की जरूरत नहीं पड़ेगी। सड़क के दोनों किनारे एनएचएआई की पर्याप्त जगह है। सर्विस लेन के चौड़ी होने से नेशनल हाईवे से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों और रोजाना आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी। ट्रैफिक विभाग के अफसर का कहना है कि सरोना से लाभांडी तक पीक आवर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे शहरवासियों को हाईवे पर जाम से निजात मिलेगी। मुंबई से कोलकत्ता जाने वाले एनएच 53 पर स्थित लाभांडी से सरोना तक नेशनल हाईवे का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यहां से रोजाना 24 घंटे भारी वाहनों के साथ-साथ स्थानीय ट्रैफिक की भी आवाजाही लगी रहती है। वर्तमान में नेशनल हाईवे के दोनों तरफ 5 मीटर चौड़ी सर्विस लेन का निर्माण किया है। लेकिन वर्तमान में दोनों तरफ सर्विस लेन पर ठेले खुमचे, नाली और अवैध पार्किंग के कारण सर्विस लेन से बड़ी मुश्किल से एक गाड़ी आना-जाना कर सकती हैं। इस कारण स्कूल बस, आटो, ई-रिक्शा और मोटर साइकिल चालक हाईवे से ही आना जाना करते हैं। यही कारण है कि यहां सुबह और शाम के समय भारी ट्रैफिक दबाव रहता है। हाईवे पर धीमी गति से चलने वाले स्थानीय वाहन जाम की बड़ी वजह बनते हैं। सर्विस लेन बनने के बाद स्थानीय ट्रैफिक अलग हो जाएगा, जिससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार बनी रहेगी और जाम की समस्या कम होगी। यहां भी चौड़ीकरण जरूरी इन इलाकों के लोगों को जाम से निजात सर्विस लेन बनने से आसपास की रायपुरा, भाटागांव, कुशालपुर सहित एक दर्जन से अधिक बड़ी-बड़ी कॉलोनियां सरोना से लाभांडी तक बसी हैं। सर्विस सेन के निर्माण से यहां के लोगों को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंच आसान होगी। दुकानदारों को सीधे सर्विस लेन से ग्राहक मिल सकेंगे, जिससे व्यापार बढ़ने की संभावना है। वहीं, रहवासियों को हाईवे पार करने या तेज रफ्तार वाहनों के बीच चलने की मजबूरी नहीं रहेगी। 10 मीटर चौड़ी सर्विस लेन न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने में मदद करेगी, बल्कि सुरक्षा, व्यापार और शहरी विकास के लिहाज से भी मील का पत्थर साबित होगी। 55 हादसों में 15 मौतें अब इसमें भी कमी आएगी सरोना से लाभांडी तक एक साल में करीब 55 सड़क हादसे होते हैं। इसमें करीब 15 लोग अपनी जान गंवाते हैं। सर्विस लेन बनने से स्थानीय आवागमन को अलग रास्ता मिलने से दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। टेंडर जारी, जल्द शुरू होगा काम एनएच 53 पर सरोना से लाभांडी तक करीब 30 किमी दोनों तरफ सड़क की सर्विस लेन 10 मीटर चौड़ी होगी। इसके लिए 95 करोड़ की लागत से टेंडर जारी कर दिया गया है। विभाग जल्द ही चौड़ीकरण का काम शुरू करेगा।-दिग्विजय सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई रायपुर
लोकल गाड़ियां सर्विस लेन से निकलेंगी
सरोना से लाभांडी तक पीक आवर में लंबा जाम लगता है। इस कारण 1 साल में 55 हादसे होते है और 15 लोग जान गंवाते हैं। सर्विस लेन के 10 फीट होने से लोकल ग​ाड़ियां सर्विस लेन से निकल जाएंगी। हादसे कम होंगे और जाम से भी राहत मिलेगी। -सतीश सिंह ठाकुर, डीएसपी यातायात

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *