भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शासकीय माध्यमिक व प्राथमिक शाला करदोनी लुंड्रा में शीत प्रकोप को देखते हुए अंबिकापुर की संस्था सार्थक संवाद मिशन की ओर से छात्र-छात्राओं को गर्म स्वेटर वितरित किए गए। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष हरिशंकर त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरित करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया और शिक्षा के महत्व को समझाया। संस्था के सदस्य प्रितपाल सिंह अरोड़ा ने जीवन में सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व को बतलाया। समस्याओं को, ग्रामीण परिवेश से जोड़ते हुए प्रकाश डाला। संस्था के सदस्य वेद प्रकाश ने शिक्षा, स्वास्थ्य और शराब की कुरीतियों के प्रति सचेत करते हुए शिक्षा के महत्व को प्रतिपादित किया। जितेंद्र सिंह सोढ़ी ने कहा कि हमारे देश के संविधान के निर्माता डॉक्टर अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को ये अधिकार दिए हैं कि वह बिना किसी भेदभाव के बड़े से बड़े पद पर पहुंच सकते हैं और यह कार्य सिर्फ शिक्षा के माध्यम से ही हो सकता है। वरिष्ठ सदस्य सतपाल सिंह भामरा ने स्कूल में उपस्थित रहने का छात्रों को आह्वान किया। स्वेटर वितरण के बाद छात्र-छात्राओं ने करतल ध्वनि से कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया।


