अजमेर में सर्दी को देखते हुए जेएलएन अस्पताल के पीडियाट्रिक ब्लॉक के निकट संचालित मल्टी स्टोरी पार्किंग की दूसरी मंजिल को अस्थायी रैन बसेरे के रूप में काम में लिया जाएगा। यहां पर एक साथ दो सौ लोगों के ठहराने की व्यवस्था की गई है। अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे ने बताया कि निगम प्रशासन यहां अस्थायी रैन बसेरे की व्यवस्था की गई है। दूसरी मंजिल पर आधी दीवारें बनी हुई है। इसके ऊपर की तरफ कनात लगाकर इसे पूरा कवर कर दिया गया है। दो अलग अलग टेंट लगाए गए जिनमें जाने का रास्ता भी अलग रहेगा। 200 की क्षमता वाले अस्थायी रैन बसेरे में 100 गद्दे पुरुषों और 100 ही गद्दे दूसरे टेंट में महिलाओं के लिए लगाए जाएंगे। यहां भी ठहरा सकेंगे 100 लोगों कोः सेंट्रल लैब के सामने खाली पड़ी जगह प्याऊ के निकट भी टेंट लगाए जाएंगे। यहां टीनशेड लगा हुआ है, चबूतरा बना है। केवल चारों तरफ कनात लगाकर कवर किया जाना है। यहां पर भी सौ के करीब लोग ठहर सकते हैं। एक साथ तीन जगह रैन बसेरे होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि जयपुर के एसएमएस व जेके लोन अस्पताल में इसी प्रकार टेंट और गद्दे लगाकर ठहराया जाता है ताकि बाहर से आने वाले मरीजों के परिजन को परेशानी नहीं हो।


