उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के जंगल क्षेत्र में स्थित श्रीराम वन कुटीर आश्रम, हंडियाकोल में आयोजित होने वाले निःशुल्क शल्य चिकित्सा शिविर के लिए उदयपुर से चिकित्साकर्मियों का दल बुधवार को रवाना हुआ। बीएन परिसर से डॉ आनंद गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर दो बसों को रवाना किया। इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। दल के संयोजक डॉ जे.के. छापरवाल ने बताया कि ब्रह्मलीन संत स्वामी रामदास महाराज की प्रेरणा से शुरू हुए इस शिविर में यह 46वां वर्ष है जब उदयपुर से चिकित्सा दल सेवाएं देने जा रहा है। दल में उदयपुर व चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के 40 चिकित्सक, 40 नर्सिंग स्टाफ, 30 वार्ड बॉय-गर्ल व सहयोगी स्टाफ शामिल हैं। कुछ सदस्य ट्रेन से भी रवाना हुए हैं। डॉ छापरवाल ने बताया कि शिविर में अति पिछड़े ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के हर्निया, हाइड्रोसील, बच्चेदानी, पाइल्स और मोतियाबिंद के हजारों निःशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे। चिकित्सा दल अपने साथ आधुनिक उपकरण और दवाइयां लेकर जाता है। शिविर में रोगी और चिकित्सकों के बीच किसी भी प्रकार का व्यावसायिक लेन-देन नहीं होता।


