सीकर के दांतारामगढ़ इलाके में ट्रक किराए पर लेकर हड़पने का मामला सामने आया है। दो परिचित लोगों ने ट्रैक्टर मालिक को झांसे में लिया। दोनों ने न तो किराया दिया और न ही ट्रक वापस लौटाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीकर के दांतारामगढ़ पुलिस थाने में शीशपाल निवासी अहीर का बास ने कोर्ट इस्तगासे से मुकदमा दर्ज करवाया कि उनके पास एक ट्रक है। साथ ही उनके बेटे की दूदू में एक होटल भी है। वहां पर हुक्माराम निवासी बाड़मेर और सलमान पठान निवासी भीलवाड़ा आते-जाते थे। ऐसे में दोनों की शीशपाल से अच्छी जान पहचान हो गई। हुक्माराम और सलमान ने शीशपाल से कहा कि वह उनका ट्रक किराए पर चलाएंगे। इसके बाद सलमान पठान और हुक्माराम दोनों शीशपाल के गांव आए और ट्रक को किराए पर देने की बात कही। इसके बाद ट्रक किराए पर देने का एग्रीमेंट भी बनवाया। साथ ही डिसाइड हुआ कि हर महीने की 1 से 2 तारीख के बीच 1.90 लाख रुपए देने होंगे। 1 महीने का किराया देकर सलमान और हुक्माराम ट्रक लेकर चले गए। ट्रक के अंदर एक जीपीएस भी लगा हुआ था वह भी सलमान और उसके साथी हुक्माराम ने हटा दिया। ट्रक का लास्ट बार टोल गुजरात में कटा। किराया और ट्रक लेने के लिए कई बार ट्रक मालिक शीशपाल हुक्माराम और सलमान पठान को कॉल कर चुके हैं। लेकिन दोनों न तो किराया देते हैं और न ही ट्रक वापस लौटाते हैं। फिलहाल अब दांतारामगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया है।


