ब्यावर से 71 युवाओं का साइकिल तीर्थ यात्रा जत्था रवाना हुआ। इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर पार्श्व भैरव, नाकोड़ा भैरव और नवकार महामंत्र के जयघोष गूंजते रहे।
यह जत्था 3 दिन में साइकिल से करीब 170 किमी की दूरी तय करेगा। जीतो यूथ और जैन सोशल ग्रुप स्पार्कल के संयुक्त तत्वावधान में इस यात्रा का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन, शांति और सद्भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा से जुड़े भैरव भक्त समाजसेवी मोहित कुमठ ने बताया कि इन 3 दिनों यात्री प्रतिदिन करीब 55 किलोमीटर साइकिल चलाकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचेंगे। इस दौरान वे समाज में फैली कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देंगे। यात्रा का समापन 11 जनवरी को ब्यावर में होगा। मेवाड़ी गेट से हुआ यात्रा का शुभारंभ
यात्रा का शुभारंभ गुरुवार सुबह मेवाड़ी गेट के बाहर स्थित बाबा रामदेव मंदिर से हुआ। प्रातः शुभ मुहूर्त में यात्रियों ने श्री रूणेचा दरबार बाबा रामदेव जी, श्री नाकोड़ा भैरव देव और अन्य प्रतिमाओं के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद अभिभावकों और शुभचिंतकों से मंगलकामनाएं प्राप्त कर जत्था आगे बढ़ा। यात्रा मार्ग में नगर के विभिन्न स्थानों पर समाजसेवी संस्थाओं द्वारा यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। मेवाड़ी गेट, सिटी डिस्पेंसरी, श्री टावर, तेलियान चौपड़, महावीर बाजार, सुनारान चौपड़, एकता सर्कल, तेजा चौक और सूरजपोल गेट जैसे प्रमुख स्थानों पर जैन दुपट्टा, मोतियों की माला, ड्राई फ्रूट्स, जूस और स्मृति चिन्ह भेंट कर यात्रियों का उत्साहवर्धन किया गया।


