हनुमानगढ़ में एक ग्रामीण के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से उनके बैंक खाते से 5 लाख रुपए निकल गए। इस संबंध में गोलूवाला थाने में केस दर्ज किया गया है। सरावांवाला निवासी महेंद्र सिंह ने यह मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी, गोलूवाला थाना अधिकारी तेजवंत सिंह ने बताया कि परिवादी महेंद्र सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात लिंक आया था। जैसे ही उन्होंने इस लिंक पर क्लिक किया, उनका फोन हैक हो गया। फोन हैक होने के बाद, उनके मोबाइल पर आने वाले ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) साइबर ठगों तक पहुंचने लगे। इसी का फायदा उठाकर ठगों ने महेंद्र सिंह के खाते से 5 लाख रुपए निकाल लिए। सीआई तेजवंत सिंह ने जानकारी दी कि मामले की तकनीकी आधार पर गहनता से जांच की जा रही है।


