डीडवाना के सीकर रोड पर दीनदारपुरा गांव के पास गुरूवार रात सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के अनुसार, यह कार काफी देर से सड़क किनारे खड़ी थी। देर रात अचानक उसमें से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास हड़कंप मच गया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर बरड़वा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना के समय मौके पर न तो कोई व्यक्ति मौजूद मिला और न ही कार चालक का कोई पता चल पाया। कार में आग लगने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग दुर्घटना के कारण लगी या किसी साजिश के तहत लगाई गई। कार के मालिक और चालक की पहचान के लिए भी जांच जारी है।


