राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप एसओजी ने भर्ती परीक्षा राज्य अधिकारी ग्रेड-द्वितीय एवं अधीनस्थ अधिकारी में नकल के एक बड़े मामले में 10 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को बीकानेर से गिरफ्तार किया है। वो तुलछाराम कालेर और पौरव कालेर गैंग के सम्पर्क में था। उसने सालासर से करवाई गई नकल में हिस्सा लिया था। एसओजी ने कार्रवाई करते हुए बीकानेर के कालू निवासी अभियुक्त मितेश कुमार को दबोच लिया है। एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि राज्य अधिकारी ग्रेड-द्वितीय एवं अधीनस्थ अधिकारी वर्ग-द्वितीय राजस्थान प्रशासनिक सेवा भर्ती परीक्षा-2022 के दौरान अनुचित साधनों के उपयोग की शिकायतें सामने आई थीं। जांच में खुलासा हुआ कि एक संगठित गिरोह द्वारा परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से नकल कराई जा रही थी। इस संबंध में एसओजी थाना जयपुर में प्रकरण दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अनुसंधान किया गया। जांच के दौरान वांछित अभियुक्त मितेश कुमार फरार चल रहा था, जिस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसओजी टीम ने 8 जनवरी को अभियुक्त मितेश कुमार पुत्र हरिराम जाट निवासी खारी कालू को गिरफ्तार कर लिया। अब तक इस प्रकरण में कुल 31 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभियुक्तों की धरपकड़ में एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कंटेंट : अशोक कुमार झोरड़, लूणकरनसर


