बांसवाड़ा में कालिका माता रोड पर मोबाइल टावर का विरोध:लोग बोले- नेमा भोजनशाला के पास पहले 3 टावर थे, 2 और खड़े कर दिए

बांसवाड़ा शहर के कालिका माता रोड स्थित नेमा भोजनशाला क्षेत्र में मोबाइल टावरों की भरमार से स्थानीय लोग दहशत में हैं। यहां पहले से लगे तीन मोबाइल टावरों के बाद अब दो नए टावर लगाए जाने से मोहल्लेवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और टावरों को हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। पहले 3 थे, अब 2 और लगा दिए स्थानीय निवासी अमित श्रीमाल ने बताया- नेमा भोजनशाला के पास पहले से ही तीन मोबाइल टावर लगे हुए हैं। इसको लेकर पहले भी नगर परिषद और प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उसी स्थान पर दो और टावर खड़े कर दिए गए हैं, जिससे क्षेत्र में रेडिएशन का खतरा कई गुना बढ़ गया है। स्वास्थ्य पर गंभीर असर का आरोप विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि मोबाइल टावरों से निकलने वाला रेडिएशन स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन गया है। अमित श्रीमाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टावरों के अत्यधिक रेडिएशन के कारण हाल ही में उनके भाई को पैरालिसिस (लकवा) हो गया है। मोहल्ले में बड़ी संख्या में बुजुर्ग और बच्चे रहते हैं, जिन्हें कैंसर, मानसिक तनाव और अन्य गंभीर बीमारियों का डर सता रहा है। लोगों का कहना है कि वे हर समय असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। तीन जगह शिकायत, अब आंदोलन की चेतावनी मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे नगर परिषद के अधिकारियों और जिला कलेक्टर से कई बार शिकायत कर चुके हैं। कलेक्टर ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में विजयलक्ष्मी, सचिन भट्ट, नेहा दोसी, दीपक सोनी, नीलम गुप्ता सहित मोहल्ले के कई प्रबुद्ध नागरिक शामिल रहे। सभी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मोबाइल टावर नहीं हटाए गए तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *