बारां जिले में इस समय सरसों, गेहूं और लहसुन जैसी रबी फसलें लहलहा रही हैं। इस साल जिले में 60 हजार हेक्टेयर रकबे में सरसों की बुवाई हुई है। अनुकूल मौसम रहने पर करीब 1.20 लाख टन सरसों का बंपर उत्पादन होने की उम्मीद है। सरसों की फसल अब पकने लगी है। रिकॉर्ड बुवाई के कारण खेतों में हर तरफ सरसों की पीली चादर बिछी हुई नजर आ रही है। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि यदि मौसम का साथ रहा तो इस साल लगभग 1.20 लाख टन सरसों का उत्पादन हो सकता है। आगामी कुछ ही दिनों में कुछ क्षेत्रों में सरसों की कटाई और थ्रेसिंग शुरू हो जाएगी, जिसके बाद मंडियों में नई सरसों की आवक शुरू हो जाएगी। बंपर उत्पादन और अच्छे भाव मिलने से उन किसानों को राहत मिलेगी, जिन्हें खरीफ सीजन में नुकसान उठाना पड़ा था। कृषि विभाग के उपनिदेशक धनराज मीणा ने बताया कि जिले में इस साल कुल 3.34 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई हुई है, जिसमें से लगभग 60 हजार हेक्टेयर में सरसों बोई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अच्छी सर्दी पड़ने से किसानों को फसलों की सिंचाई में कोई परेशानी नहीं हुई है और फसलें अब पकने लगी हैं।


