मंदसौर जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर और विधायक विपिन जैन ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर गंभीर आरोप लगाए। मंदसौर कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदौर सहित प्रदेश के कई शहरों में भाजपा शासित नगर निगम और नगर निकाय नागरिकों को दूषित पेयजल सप्लाई कर रहे हैं, जिससे मासूम बच्चों, नवजातों और बुजुर्गों की जान जा रही है। भागीरथपुरा में डायरिया महामारी का दावा जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दिसंबर 2023 के अंत से दूषित पानी के कारण डायरिया और उल्टी की महामारी फैली है। उनके अनुसार अब तक 17 से 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। आईसीयू में भर्ती कई मरीज कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कई गंभीर मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार और नगर निगम ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए। कांग्रेस ने मृतकों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने, सभी प्रभावितों का संपूर्ण मुफ्त इलाज कराने और पुनर्वास की मांग की। भाजपा सरकार पर लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप नेताओं ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने “ट्रिपल इंजन सरकार” का दावा किया था, लेकिन हकीकत यह है कि देश का सबसे स्वच्छ शहर कहलाने वाला इंदौर आज सीवर मिश्रित पानी पीने को मजबूर है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि “हर घर जल” योजना अब “हर घर मलायुक्त पेयजल” में बदल गई है, जिससे आम जनता की सेहत खतरे में पड़ गई है। पाइपलाइन और कर्ज को लेकर सवाल महेंद्र सिंह गुर्जर ने सवाल उठाया कि 22 जुलाई 2022 को पुरानी पाइपलाइनों को बदलने का ठेका स्वीकृत होने के बावजूद काम क्यों नहीं हुआ। उन्होंने यह भी पूछा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक से 2003 में लिए गए 200 मिलियन डॉलर के ऋण का उपयोग आखिर कहां किया गया। WHO और केंद्र को सूचना न देने का आरोप कांग्रेस ने कहा कि दूषित पानी और हैजा व डायरिया बैक्टीरिया की पुष्टि के बाद भी विश्व स्वास्थ्य संगठन और केंद्र सरकार को समय पर जानकारी नहीं दी गई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मंदसौर शहर में भी बदबूदार और दूषित पानी की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। रामघाट, काला भाटा जैसे जल स्रोतों की सफाई और टंकियों व पाइपलाइनों की जांच केवल कागजों तक सीमित है। न्याय यात्रा की घोषणा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 11 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे इंदौर के बड़ा गणपति मंदिर से राजवाड़ा चौक तक प्रदेश स्तरीय “न्याय यात्रा” निकाली जाएगी। इसमें राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। मंदसौर जिले से भी बड़ी संख्या में कांग्रेसजन इस यात्रा में भाग लेंगे।


