खमरिया थाना क्षेत्र के घाना हुत्तूमल स्कूल के सामने खुलेआम सट्टा खिलाए जाने का एक वीडियो वायरल हुआ है। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे से यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वायरल वीडियो में सटोरिए सार्वजनिक स्थान पर बेखौफ होकर सट्टा पट्टी लिखते और अवैध रूप से लाभ कमाते दिख रहे हैं। स्कूल के ठीक सामने यह गतिविधि होने से अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि आक्रोशित लोगों ने सट्टा पर्ची काटने वाले की पिटाई भी की है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में पिंटू रजक, गुड्डू चौधरी और बॉबी पटेल द्वारा सट्टा लिखे जाने की बात सामने आई है। दिनदहाड़े खुलेआम सट्टा संचालित होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि वीडियो की पुष्टि कर संबंधित थाना प्रभारी को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


