अधिवक्ताओं ने सीईओ के खिलाफ शिकायत की:कांग्रेस विधायकों से शिकायत, विधायक अनुभा बोलीं- विधानसभा में उठाऊंगी मुद्दा

बालाघाट में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ के खिलाफ जिले के वकील एकजुट हो गए हैं। शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे और संजय उईके से मुलाकात कर सीईओ के कथित अपमानजनक व्यवहार की शिकायत की। अधिवक्ता कपिल शिवहरे ने बताया कि बीते मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान सीईओ सराफ ने उनके पक्षकार के सामने ही अंतरिम राहत का आवेदन लेने से इनकार कर दिया। शिवहरे का आरोप है कि सीईओ ने उनके पक्षकार से कहा कि ‘अधिवक्ता आपको गुमराह कर रहा है, वकील साहब की बातों में न आएं’। सीईओ के इस व्यवहार को अमर्यादित बताया इस घटना से उन्हें मानसिक आघात पहुंचा और अपमान महसूस हुआ। अधिवक्ताओं ने सीईओ के इस व्यवहार को अशोभनीय और अमर्यादित बताया है। विधायक अनुभा मुंजारे ने जिला पंचायत सीईओ के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह पहला मामला नहीं है; उन्हें लगातार शिकायतें मिलती रही हैं कि सीईओ सरपंचों से नहीं मिलते और उन्हें घंटों इंतजार करवाते हैं। मुंजारे ने कहा, ‘यह नौकरशाह मालिक नहीं हो सकते। कब से ये हमारे बारे में फैसला सुनाने लगे?’ उन्होंने अधिवक्ताओं के चरणबद्ध आंदोलन को समर्थन देने की बात कही। विधायक ने यह मुद्दा विधानसभा में उठाने और मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में सवाल करने का आश्वासन दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *