इंदौर के हीरानगर और लसूडिया थाना पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मोबाइल टॉवर के महंगे पार्ट्स, लाखों रुपए के बिजली के तार और नकदी बरामद की है। हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार, पुलिस ने चंद्रगुप्त चौराहे से राहुल पुत्र गिरधारी लाल, निवासी डीएम स्कीम नंबर-74 को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से मोबाइल टॉवर में इस्तेमाल होने वाले महंगे पार्ट्स और एक एक्टिवा जब्त की गई, जिस पर चोरी किया गया सामान रखा था। पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने यह पार्ट्स अभिनंदन नगर और बापट चौराहा स्थित टॉवरों से चुराए थे, जो सिग्नल कैच करने में उपयोग होते हैं और बाजार में ऊंचे दामों पर बिकते हैं। लसूडिया थाना पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में बलराम पुत्र बाबूलाल जाट, निवासी छोटी मायापुरी उज्जैन और अमन पुत्र गोपाल राठौर, निवासी अंबर कॉलोनी उज्जैन को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने राजाराम एवेन्यू स्थित निर्माणाधीन मकान से लाखों रुपए कीमत के बिजली के तार चोरी किए थे, जिन्हें बेचने की तैयारी थी। बलराम पर उज्जैन में पहले से चार से अधिक और अमन पर तीन से ज्यादा चोरी के मामले दर्ज हैं। तीसरे मामले में लसूडिया पुलिस ने तारासिंह पुत्र विश्वनाथ कलमे को सब्जी की दुकान में चोरी के आरोप में पकड़ा। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था और दुकान से हजारों रुपए नकद और एक चांदी की चेन चुराकर फरार हो गया था। पुलिस तीनों मामलों में आगे की पूछताछ कर रही है।


